|
सिंगोली : सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत *वीरेंद्र कुमार सखलेचा* शासकीय महाविद्यालय, सिंगोली में विशेष स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमंत वत्स के अध्यक्षता तथा *राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी प्रो. निशांत शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना तथा विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। स्वच्छता अभियान के दौरान परिसर में फैले कचरे एवं अनुपयोगी प्लास्टिक सामग्री को एकत्रित कर उचित निस्तारण किया गया। साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि एक सतत सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। महाविद्यालय परिवार ने इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। रिपोर्ट : आजाद खान |