|
उप चुनाव में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान ब्रांड एंबेसेडर सारिका घारू ने पंचायत उप चुनाव में सभी से मतदान की अपील की आगर-मालवा : जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए कल 29 सितम्बर, मंगलवार सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू होने जा रहा है। ग्राम लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए यह एक बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। राज्य निर्वाचन आयोग की ब्रांड एंबेसडर सारिका घारू ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि अक्सर हार-जीत का फैसला मात्र 1 वोट से तय हो जाता है, इसलिए आपका एक-एक वोट बेहद कीमती है। बिना किसी डर, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान में अपनी भागीदारी निभाएं। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं सचिव श्री दिनेश श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाये जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत् आयोग की ब्रांड एंबेसेडर सुश्री सारिका ने बताया कि पंच पद के उम्मीदवारों के लिए परंपरागत मतपत्र से मतदान होगा तो सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य के लिये ईवीएम से मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक ही रहेगा, इसलिए सुबह-सुबह ही अपने बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान केंद्र पर जाते समय अपना वोटर आईडी या आयोग द्वारा मान्य अन्य पहचान पत्र साथ ले जाना न भूलें। एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर श्रीमती देवकुंवर सोलंकी ने बताया कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशन में नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद एवं जनपद नलखेड़ा के दो वार्डों के जनपद सदस्य पद के उप निर्वाचन में होने वाले मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान दल मतदान सामग्री के साथ सुचारू एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिये निर्धारित वाहनों से संबंधित मतदान केन्द्रों पर पहुंच गये है। जोनल अधिकारियों द्वारा मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान सामग्री के साथ मतदान दलों के मतदान केन्द्रों पर पहुंचने की ओके रिपोर्ट भी जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रदान कर दी गई है। जोनल अधिकारियों के साथ मतदान के दिन रिजर्व मतदान दल मय रिजर्व मतदान सामग्री के साथ अपने- अपने क्षैत्र के मतदान केन्द्रो का सतत् भ्रमण कर सुचारू, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करेंगे तथा प्रति दो घंटे में मतदान के प्रतिशत की जानकारी भी कंट्रोल रूम एवं जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रदान करेंगे। नगर परिषद् सुसनेर में अध्यक्ष पद के लिये होने वाले उपचुनाव में 29 सितम्बर को प्रात: 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। आयोग के प्रेक्षक श्री डीव्ही सिंह ने भी सोमवार को सुसनेर पहुंचकर मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण केन्द्र का निरीक्षण किया और विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान सामग्री के साथ मतदान दलों के मतदान केन्द्रों पर पहुंचने का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दलों को सुव्यवस्थित एवं सुचारू मतदान के लिये आवश्यक निर्देश भी दिए। |