|
19.41 लाख रुपए का मशरूका जब्त, पायलेटिंग कर रही पिकअप भी पकड़ी; एक आरोपी फरार मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारायणगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60.8 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त स्कार्पियो और उसकी पायलेटिंग कर रही पिकअप वाहन सहित कुल करीब 19.41 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन तथा नारायणगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार सोमवार 28 सितंबर को सउनि नविन्द्र खनगवाल को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरुजना-नारायणगढ़ रोड स्थित विद्युत ग्रिड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने स्कार्पियो क्रमांक RJ14UJ9188 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में वाहन से 60.8 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से दिलखुश पिता रामसिंह रावत, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम प्रतापपुरा, जिला अजमेर राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान स्कार्पियो चालक मोहनसिंह पिता लादुसिंह रावत, निवासी ग्राम रामगढ़, जिला अजमेर राजस्थान, पुलिस को चकमा देकर झाड़ियों का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। वहीं स्कार्पियो की पायलेटिंग कर रही पिकअप क्रमांक RJ36GB1582 के चालक विधि-विरुद्ध बालक, निवासी ग्राम रामगढ़, अजमेर को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने 60.8 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार 600 रुपए है, के अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपए, पायलेटिंग कर रही पिकअप की कीमत करीब 8 लाख रुपए तथा OPPO और REALME कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपए सहित कुल 19 लाख 41 हजार 600 रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 295/26 के तहत धारा 8/15 NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी एवं विधि-विरुद्ध बालक से पूछताछ की जा रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी। वहीं फरार आरोपी मोहनसिंह की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। |