|
मंदसौर। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ सुवासरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई। लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर अवैध मुनाफा कमाने वाले मिलावटखोरों पर सुवासरा पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने ग्राम खेजड़िया भूप में दबिश देकर घर में संचालित हो रही नकली दूध और घी बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में यूरिया, मिल्क पाउडर, पाम ऑयल और उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार ग्राम खेजड़िया भूप निवासी पीरूसिंह पिता रामसिंह सोंधिया राजपूत और रामसिंह पिता तेजसिंह सोंधिया राजपूत अपने घर में नकली दूध और घी तैयार कर अवैध व्यापार कर रहे हैं। यह कार्रवाई 27 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक बी. डी. बीरा की टीम ने आरोपियों के घर पर दबिश देकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से मिल्क पाउडर 85 कट्टे Whey Permeate Powder, रसायन व तेल 6 कट्टे यूरिया, 7 टीन पाम ऑयल, 15 लीटर, 1 जरीकेन पाम ऑयल, तैयार माल बना हुआ नकली घी के साथ ही बनाने के उपकरण 2 इलेक्ट्रॉनिक फिल्टर मिक्सर मशीन, 2 गैस भट्टी, 2 इण्डेन गैस सिलेंडर, 1 मोटर पंप, 1 छोटा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और पैकिंग व भंडारण 120 खाली टीन के डिब्बे, 4 खाली ड्रम 200 लीटर, 2 स्टील की कोठी सहित मिलावट का सामान और उपकरण जब्त किया है। पुलिस ने मामले फरार आरोपी पीरूसिंह और रामसिंह के विरुद्ध बीएनएस के विरुद्ध बीएनएस 2023 की धारा 272, 274 और 275 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब नकली दूध के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की भी जांच की जा रही है। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |