रतलाम। अनंत चतुर्दशी के भव्य चल समारोह को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। गुरुवार रात से ही आकर्षक झांकियां झिलमिलाने लगीं। रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य सजावट और धार्मिक आस्था से सजी झांकियों के बीच श्री आरोग्य व्यायामशाला की नवग्रह आधारित झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। 40 फीट लंबी और लगभग 18 फीट चौड़ी इस विशाल झांकी में श्रद्धालुओं को एक ही रथ पर सूर्य, चंद्र, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि, राहु और केतु यानी सभी नौ ग्रहों के दर्शन होंगे। रथ को भगवान सूर्यदेव चलाते हुए नजर आएंगे। धार्मिक आस्था और आकर्षक कलात्मक प्रस्तुति से सजी यह झांकी चल समारोह की भव्यता को चार चांद लगाएगी।
1200 महिला-पुरुष पहलवान दिखाएंगे शौर्य और शारीरिक कौशल
श्री आरोग्य व्यायामशाला की विशेषता केवल भव्य झांकी ही नहीं, बल्कि अखाड़े के पहलवानों का शानदार प्रदर्शन भी रहेगा। व्यायामशाला के संचालक शक्ति सिंह सोलंकी (विक्की दाद भाई) एवं रामबाबू शर्मा ने बताया कि अखाड़े में 1050 पुरुष और 150 महिला पहलवान अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। कुल 1200 पहलवानों की भागीदारी अखाड़े की शौर्य परंपरा, अनुशासन और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन करेगी।
तीन झांकियों में दिखेगी धर्म और आस्था की अनूठी छटा
नवग्रहों पर आधारित भव्य रथ के साथ अखाड़े की दो अन्य आकर्षक झांकियां भी चलेंगी। इनमें एक झांकी में गोमाता सांवरिया सेठ की परिक्रमा लगाते हुए दिखाई देंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं दूसरी झांकी में मां बगलामुखी असुरों का संहार करती हुई नजर आएंगी। यह प्रस्तुति शक्ति, भक्ति और धर्म की विजय का संदेश देगी।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर श्री आरोग्य व्यायामशाला की तीनों झांकियां और 1200 महिला-पुरुष पहलवानों का प्रदर्शन शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को भव्य स्वरूप प्रदान करेगा। नवग्रह रथ, गोमाता की भक्ति और मां बगलामुखी के दिव्य स्वरूप के साथ अखाड़े की शौर्य परंपरा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने जा रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत