|
आगर मालवा : राष्ट्रीय महिला आयोग, भारत सरकार द्वारा वैवाहिक जीवन में संवाद एवं समझ को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से "तेरे मेरे सपने - प्री मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर" की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत विवाह की योजना बना रहे युवा, आयोग की वेबसाइट https://ncwpmcc.icsr.in/webroot/home पर पंजीकरण कर योग्य विशेषज्ञों द्वारा संचालित ऑनलाइन परामर्श एवं संवाद सत्रों में भाग ले सकते हैं। आयोग का मानना है कि विवाह पूर्व अपेक्षाओं, पारिवारिक जिम्मेदारियों एवं भावनात्मक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर सूचित एवं सार्थक संवाद से वैवाहिक विवादों को कम किया जा सकता है। आयोग द्वारा सभी मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स एवं संबंधित संस्थाओं को परामर्श दिया गया है कि वे अपने पंजीकृत उपयोगकर्ताओं को इस पहल की जानकारी प्रदान कर, उन्हें पोर्टल पर पंजीकरण एवं सत्रों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करें तथा अपनी वेबसाइट, मोबाइल एप, सोशल मीडिया एवं कार्यालयों में इससे संबंधित बैनर, लिंक एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करें। साथ ही विवाह में परस्पर सम्मान, समानता एवं साझा जिम्मेदारी के महत्व को बढ़ावा दें। उक्त पहल के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित संस्थाओं को कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे युवा ऑनलाइन काउंसलिंग सेवाओं का लाभ लेकर स्थिर एवं सौहार्दपूर्ण पारिवारिक संबंधों का निर्माण कर सकें। |