नाकाबंदी के दौरान कार चालक गिरफ्तार, परिवहन में प्रयुक्त सेलेरियो कार जब्त
प्रतापगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत छोटीसादड़ी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 52 किलो 550 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 88 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त सेलेरियो कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को थाना छोटीसादड़ी पुलिस द्वारा जीवनपुरा रोड पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान हड़मतिया की ओर से तेज गति से आती एक सफेद कार को रुकवाने का प्रयास किया गया। चालक ने कार रोकने के बजाय वापस मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम द्वारा सरकारी वाहन से कार को रोकने का प्रयास करने पर कार असंतुलित होकर खाई में उतर गई।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में रखे दो प्लास्टिक के कट्टों से कुल 52 किलो 550 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से कार चालक भावेश पिता बद्रीलाल आचार्य, उम्र 20 वर्ष, निवासी हिता, थाना भीण्डर, जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार जब्त कर थाना छोटीसादड़ी में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसंधान जारी है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग एवं वृत्ताधिकारी छोटीसादड़ी रामेश्वर लाल के मार्गदर्शन तथा थाना अधिकारी कैलाशचन्द्र पुनि के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुरलीदास, हेड कांस्टेबल कमल, हेड कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह, मुकेश कुमार, रामराज एवं शम्भुसिंह शामिल रहे। कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।
रिपोर्टर – जसपाल टेलर
प्रदेश मीडिया प्रभारी, मन्दसौर, मध्यप्रदेश