रतलाम / सैलाना। आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र बाबा रामदेव मंदिर, इंदिरा नगर भीलों की खेड़ी सैलाना में भादवी बीज के पावन अवसर पर बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव 13 सितंबर रविवार को धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां बड़े स्तर पर शुरू हो गई हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं के साथ ही युवा वर्ग में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
बाबा रामदेव जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में होने वाले आयोजन की शुरुआत सुबह से धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगी। मंदिर परिसर में प्रतिदिन आरती, भजन एवं सुंदरकांड का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में समिति के सदस्य और युवा दिन-रात जुटे हुए हैं।
13 सितंबर रविवार को सुबह 10 बजे बाबा रामदेवजी के मंदिर से डीजे और धार्मिक जयघोष के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान बाबा रामदेवजी के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है। श्रद्धालु और धर्मप्रेमी नागरिक बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल होंगे।
शोभायात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने के बाद दोपहर में बाबा रामदेवजी की संगीतमय महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती के पश्चात मंदिर परिसर में विशाल महाप्रसादी एवं नगर भोज (भंडारे) का आयोजन होगा, जिसमें सैलाना सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से आने वाले श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
आयोजन को लेकर बाबा रामदेव जन्मोत्सव समिति एवं युवा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। धर्मप्रेमी नागरिक भी इस धार्मिक आयोजन में तन, मन और धन से सहयोग कर रहे हैं। समिति द्वारा आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार तैयारियां की जा रही हैं।
समिति ने सैलाना नगर एवं आसपास के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा रामदेवजी की भव्य शोभायात्रा एवं महाआरती में शामिल होने तथा महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
जय बाबा री...
राम सा पीर की जय।