रतलाम / रिंगनोद । जिले में चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए रतलाम पुलिस ने रिंगनोद थाना क्षेत्र की चौकी ढोढर पुलिस के माध्यम से परवलिया स्थित बायोडीजल पेट्रोल पंप के सोलर प्लांट में हुई चोरी का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 6 मुख्य आरोपियों सहित चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप क्रमांक MP-09-DV-9205 भी जब्त की गई है।
मामला 2 और 3 अगस्त की दरमियानी रात का है। बायोडीजल पेट्रोल पंप परिसर परवलिया में सोलर प्लांट की सामग्री चोरी होने के बाद फरियादी आयुष शर्मा निवासी हाथीखाना जावरा ने 7 अगस्त को रिंगनोद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस ने बिछाया जाल
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी संदीप कुमार मालवीय के मार्गदर्शन तथा रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनन्दसिंह आजाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास बारीकी से जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल रतलाम की तकनीकी मदद से संदिग्धों की पहचान कर उन्हें ट्रेस किया। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद आखिरकार चोरी की वारदात का खुलासा हो गया।
पहले रेकी… फिर रात में चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने का तरीका भी बताया। आरोपी पहले पिकअप वाहन से संभावित स्थानों पर घूमकर ऐसे सोलर प्लांट और अन्य स्थान तलाशते थे जहां सामग्री खुले में रखी हो। इसके बाद एक-दो दिन तक मौके की रेकी की जाती थी। पूरी जानकारी जुटाने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ रात में मौके पर पहुंचते और सोलर प्लांट की सामग्री चोरी कर पिकअप में भरकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं और चोरी के माल के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रवि पिता अन्तरसिंह गिनावा उम्र 25 वर्ष निवासी बिसनावदा थाना गांधीनगर इंदौर, नरेन्द्र पिता घनश्याम मोर्य उम्र 30 वर्ष निवासी मोहाड़ी थाना खुड़ैल इंदौर, गोपाल पिता सुरेश मोर्य उम्र 25 वर्ष निवासी मोहाड़ी थाना खुड़ैल इंदौर, दीपक भूरिया पिता सुरेश भूरिया उम्र 33 वर्ष निवासी बिजलपुर थाना राजेन्द्र नगर इंदौर हाल ग्राम किशनपुरा बेटमा, गणेश पिता धर्मेन्द्र परमार उम्र 19 वर्ष निवासी भंवरगढ़ थाना बेटमा तथा प्रदीप पिता राजेश बामनिया उम्र 24 वर्ष निवासी सागोर रोड बेटमा को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा चोरी का सामान खरीदने वाले फरहान पिता अकरम कुरैशी उम्र 27 वर्ष निवासी टाटपट्टी बाखल इंदौर, जो कबाड़ी बताया गया है, को भी गिरफ्तार किया गया है।
चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास जारी
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन MP-09-DV-9205 जब्त कर लिया है। चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी का पुलिस रिमांड प्राप्त कर चोरी गई सोलर प्लांट सामग्री की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक आनन्दसिंह आजाद, उनि रघुवीर जोशी, सउनि गजेन्द्रसिंह शक्तावत, सउनि अशोक चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल रतलाम के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा एवं आरक्षक विपुल भावसार का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत