|
हर बच्चे को मिले सुरक्षा, स्नेह और संरक्षण : कलेक्टर डॉ. मीना ने दिए निर्देश जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता ने पीपीटी के माध्यम से मिशन वात्सल्य की स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना, भिक्षावृत्ति मुक्त अभियान, पॉक्सो अधिनियम-2012 के तहत जागरूकता कार्यक्रम, बाल कल्याण समिति के प्रस्तुत/निराकृत/लंबित प्रकरणों तथा वन स्टॉप सेंटर की प्रगति की जानकारी दी । कलेक्टर डॉ. मीना ने निर्देश दिए कि स्पॉन्सरशिप योजना के पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर लाभ दिलाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जिले को बाल भिक्षावृत्ति से मुक्त करने हेतु पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के संचालन की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से बाल संरक्षण के मामलों में गंभीरता एवं तत्परता से कार्य करने पर बल दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, शिक्षा विभाग से श्री सौरभ जैन, डॉ. नरेंद्र सिंह परिहार, सीएमओ नगर पालिका श्री कुशाल सिंह डोडवे, बाल कल्याण समिति सदस्य सुश्री शिखा कोठारी, श्रीमती ज्योति मेहर, किशोर न्याय बोर्ड से सदस्य श्रीमती पूनम बैरागी, श्री संजय स्वर्णकार, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी सुश्री कृष्णा कामरिया एवं विभागीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे। |