![]() ![]() ![]() ![]()
|
आगर-मालवा : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले के सुदूर सीमावर्ती ग्राम डोंगरगांव में शुक्रवार को जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना यात्री बस से डोंगरगांव पहुंचने के पश्चात ग्राम का पैदल भ्रमण कर प्राथमिक कृषि सहकारी साख समिति द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान, ग्राम पंचायत परिसर में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं आयुष विभाग द्वारा संचालित आयुष आरोग्य मंदिर तथा आंगनवाड़ी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, एसडीएम श्रीमती देव कुंवर सोलंकी, एसडीओपी श्री देवनारायण यादव एवं अन्य जिलाधिकारी भी उपस्थित थे। उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने राशन लेने आए हितग्राहियों से चर्चा कर नियमित राशन प्राप्ति, दुकान खुलने के समय, पात्रता अनुसार खाद्यान्न की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एम.एल. मालवीय को खाद्यान्न स्टॉक का सत्यापन एवं मिलान करने के निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पदस्थ चिकित्सक एवं स्टाफ से दवाओं की उपलब्धता, प्रसूति सुविधा, ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश देहलावर ने आरोग्य मंदिर द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर डॉ. मीना ने ग्राम में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया तथा प्रतिदिन मिलने वाले गर्म पका भोजन, नाश्ता, टीकाकरण, एएनसी जांच एवं पंजीयन, गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, टेक होम राशन वितरण तथा शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता ने आंगनवाड़ी केन्द्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। |