![]() ![]() ![]() ![]()
|
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारायणगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना नंबर की सिल्वर कलर की मारुति स्विफ्ट कार से डोडाचूरा ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार, एसपी विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, एएसपी तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। नारायणगढ़ थाने पर पदस्थ सउनि के.एल. प्रजापति द्वारा झार्डा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के सामने सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बिना नंबर की सिल्वर कलर की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में प्लास्टिक के पांच कट्टों में कुल 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ है जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये, तथा करीब 10 हजार रुपये कीमत का एंड्राइड मोबाइल भी जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय सिंह पिता हरिसिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बेलारी, जिला नीमच के रूप में हुई है। नारायणगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 257/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से डोडाचूरा के मुख्य स्रोत, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |