रतलाम। मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में रतलाम जिले में संचालित 7 दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। होमगार्ड लाइन जिला रतलाम में आयोजित समापन कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकियों के साथ ही स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत तथा विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्री कृष्णपाल सिंह बघेल रहे। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीआरएफ श्रीमती रोशनी बिलवाल की उपस्थिति में अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए विषयों को लेकर संवाद किया और उनका फीडबैक लिया।
मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत ने आपदा मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे “नेकी कर दरिया में डाल” के सिद्धांत पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता करना हमारा कर्तव्य है, लेकिन दूसरों की मदद करते समय अपनी सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। आपदा के दौरान बिना पर्याप्त सावधानी के बचाव कार्य करने से स्वयं की जान जोखिम में पड़ सकती है।
विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर श्री कृष्णपाल सिंह बघेल ने भी प्रशिक्षणार्थियों से आपदा एवं उससे बचाव के विभिन्न उपायों पर चर्चा की। उन्होंने आपदा की परिस्थितियों में संयम, तत्परता और प्रशिक्षित तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले आपदा मित्रों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्रीमती रोशनी बिलवाल ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं जवानों का आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान होमगार्ड कम्पनी कमांडर श्री बद्री मण्डलोई, प्लाटून कमांडर श्रीमती ज्योति बघेल तथा होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवानों ने आपदा मित्रों को राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवहारिक जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि रतलाम जिले में कुल 500 आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया जाना है। प्रथम चरण में 100 आपदा मित्रों के बैच का 7 दिवसीय प्रशिक्षण पूरा हुआ है। आगामी समय में इसी प्रकार के 4 और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से शेष आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन सैनिक क्रमांक 1204 श्री तुषार भट्ट ने किया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत