रावटी। रावटी रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे ब्रिज क्रमांक-247 के नीचे जलभराव और नाले की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्राम पंचायत तंबोलिया की रेणुका मुकेश पोरवाल ने कलेक्टर अजय कटेसरिया को आवेदन सौंपा। आवेदन कार्यालय जनपद पंचायत बाजना में प्रस्तुत करते हुए रेलवे विभाग द्वारा प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण की वर्तमान स्थिति स्पष्ट कराने तथा कार्य को शीघ्र स्वीकृति दिलाकर निर्माण प्रारंभ करवाने की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया कि ब्रिज क्रमांक-247 के नीचे बारिश के दौरान पानी भर जाने से ग्रामीणों और आमजन को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण सड़क की स्थिति खराब होने के साथ ही लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। आगामी बारिश को देखते हुए समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई गई है।
इस मामले में पश्चिम रेलवे मुख्यालय मुंबई के प्रधान मुख्य अभियंता कार्यालय द्वारा 22 सितंबर 2025 को जारी पत्र में स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। रेलवे के अनुसार ब्रिज क्रमांक-247 बरसाती पानी की निकासी के लिए निर्मित है और रेलवे की संरक्षा तथा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को देखते हुए इस पर आवागमन प्रतिबंधित है। ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ब्रिज क्रमांक-247 के पास दाहोद की ओर अंडरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव रेलवे एवं राज्य सरकार द्वारा संयुक्त स्थल सर्वेक्षण के बाद तैयार किया गया था।
रेलवे के पत्र के अनुसार यह अंडरब्रिज किलोमीटर 626/29 से 626/27 के बीच प्रस्तावित है और संयुक्त सर्वेक्षण में निर्माण को व्यवहार्य पाया गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए प्रक्रियाधीन बताया गया था। अब करीब एक वर्ष बाद भी ग्रामीणों की समस्या बरकरार रहने के कारण प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया है।
रेणुका मुकेश पोरवाल ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित रेलवे अधिकारियों से समन्वय कर प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति और स्वीकृति किस स्तर पर लंबित है इसकी जानकारी ली जाए। साथ ही अंडरब्रिज निर्माण की स्वीकृति शीघ्र करवाकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि स्थायी निर्माण पूर्ण होने तक बारिश के दौरान जलभराव से राहत देने के लिए अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों की सुरक्षा और जनहित को देखते हुए प्रकरण को प्राथमिकता में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि कलेक्टर अजय कटेसरिया के हस्तक्षेप से वर्षों से चली आ रही रावटी रेलवे ब्रिज-247 की समस्या का स्थायी समाधान जल्द निकल सकेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत