|
|
समीक्षा बैठक में सीएमओ ने ली योजनाओं की जानकारी व दिए निर्देश नीमच। जनता की समस्याओं का त्वरित निदान एवं शासन की योजनाओं का प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास योजना के तहत शनिवार 8 अगस्त को नगर पालिका कार्यालय नीमच में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की एवं शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए। बैठक में सीएमओ श्रीमती बामनिया ने सीएम हेल्पलाइन की लंबीत शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक त्वरित निराकरण करने व शासन की योजनाओं के लंबित आवेदनों का समाधान कर पात्र हितग्राहियों को लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती बामनिया ने पेंशन शाखा के कर्मचारियों से विभिन्न पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों एवं लंबित आवेदनों की जानकारी प्राप्त की व वार्ड प्रभारीयों को अपने-अपने क्षेत्र के लंबित आवेदनो का क्षेत्र में जाकर निराकरण करने की हिदायत दी। बैठक में श्रीमती बामनिया ने पथ विक्रेताओ व प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर हितग्राहियों की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों की स्थिति, राजस्व वसूली, राशन कार्ड संबंधी समस्या आदि के बारे में भी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरते और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की ओर ध्यान दें अन्यथा कार्य में लापरवाही पाई जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही होना निश्चित है। बैठक में कार्यालय अधीक्षक श्री कन्हैयालाल शर्मा, राजस्व अधिकारी श्री खेमचंद मुसले, श्री टेकचंद बुनकर, उप यंत्री श्री अरविंद सिंह, एनयुएलएम शाखा के सिटी मिशन मैनेजर श्री प्रवीण आर्य,स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, बगीचा शाखा प्रभारी श्री महावीर जैन, लोक निर्माण शाखा के श्री अर्जुन राठौर, जलकल शाखा के श्री सुरेश पवार के साथ ही विभिन्न शाखाओ के प्रभारी, स्वच्छता निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे. |