|
|
महिला अपराधों में संवेदनशीलता, साइबर फ्रॉड पर तत्काल कार्रवाई और आमजन से सद्व्यवहार के निर्देश नीमच । पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक करीब आठ घंटे चली मैराथन अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में दर्ज अपराधों, लंबित प्रकरणों, महिला एवं बाल अपराध, साइबर फ्रॉड, मादक पदार्थ तस्करी, संपत्ति संबंधी अपराधों सहित कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपराधों के निराकरण की धीमी गति पर एसपी श्री व्यास ने कुछ थाना प्रभारियों के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए कड़ी चेतावनी दी और लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। महिला एवं बालिका सुरक्षा को प्राथमिकता एसपी श्री व्यास ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में पुलिस को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना होगा। सभी थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर ‘सृजन संवाद योजना’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पूर्व में किसी घटना का शिकार हुई महिलाओं एवं बालिकाओं का मनोबल बढ़ाने के लिए ‘सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित करने तथा महिला संबंधी अपराधों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साइबर फ्रॉड की शिकायत मिलते ही हो तत्काल कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क को प्रभावी रूप से संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस दिलाने तथा होल्ड बैंक खातों से संबंधित पोर्टल एमआरएम एवं जीआरएम पर प्राप्त शिकायतों का भी निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नशे के कारोबार पर सख्ती, आदतन अपराधियों पर कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पूरी पारदर्शिता बरतने और प्रत्येक कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सफेमा एवं पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। आदतन अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर जिला बदर एवं रासुका की कार्रवाई करने तथा थाना क्षेत्रों में सक्रिय गुंडों-बदमाशों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी पर विशेष जोर लंबित गुम बालक-बालिकाओं की सकुशल दस्तयाबी के लिए अधिक से अधिक प्रयास करने, लंबित अपराध, मर्ग एवं चालान का शीघ्र निराकरण करने तथा स्थाई, फरारी एवं गिरफ्तारी वारंटों की अधिक से अधिक तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ मश्रुका बरामद करने तथा चिन्हित अपराधों में आरोपियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। आमजन से सद्व्यवहार—एसपी ने दिया स्पष्ट संदेश एसपी श्री व्यास ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने या चौकी पर आने वाले फरियादियों के साथ सद्व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं को शांतिपूर्वक सुना जाए और नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाए। वाहन चेकिंग के दौरान भी आम जनता के साथ शालीनता एवं सद्व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। रात्रि गश्त बढ़ाने और त्योहारों पर सतर्कता के निर्देश जिले में चोरी की घटनाओं को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रात्रि पेट्रोलिंग एवं गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक पुलिस बल तैनात करने और कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले, काली फिल्म लगे वाहनों, बिना नंबर के वाहनों, तीन सवारी तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर थाना प्रभारियों को नफीस एप्लीकेशन, आईसीजेएस, क्राईमेक एवं ई-साक्ष्य एप का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भूमि संबंधी मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय कर गंभीर अपराधों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने को कहा गया। साम्प्रदायिक घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम एवं वरिष्ठ अधिकारियों को देने तथा गौवंश तस्करी एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद श्री हर्ष राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा श्रीमती निकीता सिंह, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री दिव्या चन्द्रवंशी सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की संबंधित शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। Hemant Gupta : 8959884334, 8959059983 |