|
|
गौ पूजन एवं पौधरोपण कर गौ संरक्षण की व्यवस्थाओं का लिया जायजा आगर-मालवा । कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने शनिवार को सुसनेर विकासखंड स्थित कामधेनु गौ अभ्यारण्य, सालरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने विधि-विधान से गौ पूजन किया और अभ्यारण्य परिसर में पौधरोपण भी किया। इस मौके पर श्री गौधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पुण्यार्थ न्यास के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया । उपसंचालक पशुपालन पशु पालन श्री एमएल जारोलिया ने बताया कि कामधेनु गौ अभ्यारण्य मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्थापित है तथा इसका संचालन श्री गौधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पुण्यार्थ न्यास द्वारा किया जा रहा है। साथ ही गौ अभ्यारण्य की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी । श्री गौधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पुण्यार्थ न्यास के प्रबंधक पूनम सिंह चौहान ने बताया कि अभ्यारण्य में लगभग 7 हजार से अधिक मालवी नस्ल के गौवंश का संरक्षण एवं पालन-पोषण किया जा रहा है। गौवंश के लिए 24 गौशेड निर्मित हैं, जिनमें मौसम के अनुरूप सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया गया है। गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसे का भंडारण भी किया गया है। कलेक्टर ने गौ शेडों एवं भूसा भंडार गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने दुर्घटनाग्रस्त गौवंश के उपचार केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा उपचार एवं देखभाल की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर अवगत कराया कि दुर्घटनाग्रस्त गौवंश को विशेष लिफ्ट वाहन के माध्यम से सुरक्षित रूप से गौ अभ्यारण्य लाकर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उपचार उपरांत उनके संरक्षण एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था भी अभ्यारण्य में की जाती है। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, एसडीम सुसनेर श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा श्री गौधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पुण्यार्थ न्यास के प्रतिनिधि उपस्थित थे। |