|
|
आगर-मालवा । मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीआईडीसी), क्षेत्रीय कार्यालय, उज्जैन द्वारा विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्षेत्र आगर-मालवा (फेज-1 एवं फेज-2) में आवंटित एवं प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य निवेशकों को भूमि आवंटन, लीज डीड निष्पादन एवं उद्योग स्थापना की प्रक्रियाओं से अवगत कराना तथा उद्योगों की स्थापना को समयबद्ध रूप से गति प्रदान करना था। बैठक में एमपीआईडीसी के अधिकारियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में किए जा रहे अधोसंरचना विकास कार्यों, भूमि आवंटन की वर्तमान स्थिति एवं उद्योग स्थापना की आगामी कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। निवेशकों को लीज डीड निष्पादन, सर्वे एवं सीमांकन, वैधानिक दस्तावेजों, अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता से संबंधित दस्तावेज, स्टाम्प शुल्क एवं पंजीयन की औपचारिकताओं सहित ऑनलाइन एवं कार्यालयीन प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। एमपीआईडीसी द्वारा बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र आगर-मालवा निवेशकों के लिए एक उभरते हुए औद्योगिक गंतव्य के रूप में विकसित हो रहा है। फेज-1 एवं फेज-2 में अब तक 119 आशय पत्र (LOI) जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 64 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। निवेशकों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में निरंतर रुचि प्रदर्शित की जा रही है तथा नवीन निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। बैठक के दौरान उद्योगपतियों से आग्रह किया गया कि वे समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए लीज डीड निष्पादन एवं अन्य औपचारिकताएँ शीघ्र पूर्ण करें, जिससे उद्योगों की स्थापना एवं निर्माण कार्य निर्धारित समय में प्रारंभ किया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एमपीआईडीसी द्वारा प्रत्येक निवेशक को प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आवश्यक मार्गदर्शन एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा भूमि आवंटन, लीज डीड, सर्वे, सीमांकन, अनुमतियों एवं अन्य प्रक्रियात्मक विषयों से संबंधित विभिन्न प्रश्न एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। उद्योगपतियों ने एमपीआईडीसी द्वारा अपनाई गई पारदर्शी एवं निवेशक-अनुकूल कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे औद्योगिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। एमपीआईडीसी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र आगर-मालवा में सभी आवश्यक मूलभूत अधोसंरचनाओं का विकास चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है, ताकि उद्योगों को शीघ्र उत्पादन प्रारंभ करने हेतु अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निगम का उद्देश्य निवेशकों को समयबद्ध सेवाएँ उपलब्ध कराते हुए क्षेत्र को एक विकसित औद्योगिक केन्द्र के रूप में स्थापित करना है। बैठक का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि एमपीआईडीसी एवं उद्योगों के मध्य निरंतर समन्वय, समयबद्ध प्रक्रियाओं एवं प्रभावी मार्गदर्शन के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र आगर-मालवा में आवंटित उद्योगों की स्थापना में तेजी आएगी। इससे उद्योगों द्वारा शीघ्र निर्माण कार्य एवं व्यवसायिक उत्पादन प्रारंभ किया जा सकेगा तथा निवेशकों को एक सुगम, पारदर्शी एवं उद्योग अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा। उक्त जानकारी एमपीआईडीसी से प्राप्त हुई। |