रतलाम /बाजना। रतलाम जिले के बाजना थाना परिसर में बुधवार को गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए पहचान बनाने वाले सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) योगेश निनामा की उपनिरीक्षक (एसआई) पद पर पदोन्नति होने पर थाना परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जैसे ही पदोन्नति की सूचना मिली, पूरे थाना स्टाफ में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुष्पमालाओं से उनका आत्मीय स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
समारोह में थाना प्रभारी रविन्द्र दण्डोतिया ने उपनिरीक्षक योगेश निनामा को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि उनकी मेहनत, ईमानदारी तथा कर्तव्य के प्रति समर्पण का यह सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि उपनिरीक्षक के रूप में भी योगेश निनामा जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
सम्मान से अभिभूत उपनिरीक्षक योगेश निनामा ने थाना प्रभारी सहित पूरे पुलिस परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पदोन्नति उनके लिए नई जिम्मेदारियों का अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़, एएसआई कालू सिंह जामोद, कलसिंह मंडलोई, केशव सिंह यादव, प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी, ज्ञानेंद्र चौहान, जीवन सिंह सोलंकी, आरक्षक सन्नी मईडा, दरबार झमरा, तोल सिंह निनामा सहित समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदस्थ उपनिरीक्षक योगेश निनामा का जोरदार स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सफल सेवाकाल और निरंतर उत्कृष्ट पुलिस सेवा की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान थाना परिसर में आत्मीयता, उत्साह और गौरव का वातावरण बना रहा। साथियों ने मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं और विश्वास व्यक्त किया कि उपनिरीक्षक योगेश निनामा अपनी कार्यशैली, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण से विभाग तथा क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।
रिपोर्ट जितेन्द्र कुमावत
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत