सिंगोली। नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भंडारी ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरों में उन्नयन करने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यदि इस घोषणा के अनुरूप डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, विशेषज्ञ चिकित्सकों, उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की शीघ्र व्यवस्था नहीं की गई, तो यह केवल कागजी घोषणा बनकर रह जाएगी।
उन्होंने कहा कि सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों और महिला डॉक्टर की कमी से जूझ रहा है। हाल ही में हुए तबादलों के बाद अनुभवी स्टाफ की कमी और बढ़ गई है। परिणामस्वरूप अधिकांश गंभीर मरीजों और प्रसूता महिलाओं को नीमच, मंदसौर या राजस्थान रेफर करना पड़ता है।
राजेश भंडारी ने कहा कि सिंगोली से जिला मुख्यालय तक का जर्जर सड़क मार्ग मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है। ऐसे में केवल अस्पताल के उन्नयन की घोषणा पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को वास्तव में सशक्त बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि 50 बिस्तरों के उन्नयन की घोषणा को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए, रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएं, महिला डॉक्टर एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना हो तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि तहसील क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी