|
|
ईंट भट्टों की भूमि का देवी लोक कार्यों में बेहतर उपयोग के दिए निर्देश किसान मोहनलाल पाटीदार की फूलों की खेती का किया अवलोकन आगर : उज्जैन राजस्व संभाग के संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने बुधवार को आगर जिले के नलखेड़ा प्रवास के दौरान मां बगलामुखी देवी लोक के अंतर्गत प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। संभागायुक्त ने नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित ईंट भट्टों की भूमि का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस भूमि पर देवी लोक निर्माण के अंतर्गत वाहन पार्किंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अन्य विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जाए। संभागायुक्त ने कहा कि नलखेड़ा में उपलब्ध शासकीय एवं मंदिर की जमीन का आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। संभागायुक्त ने नलखेड़ा में लखुंदर नदी पर देवी लोक निर्माण के अंतर्गत प्रस्तावित ब्रिज निर्माण स्थल का भी मौका मुआयना किया। फूलों की खेती का अवलोकन निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने ग्राम नलखेड़ा में किसान श्री मोहनलाल पाटीदार द्वारा अपने खेत में की जा रही विभिन्न प्रजातियों के फूलों की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने किसान से चर्चा कर खेत में लगाई गई प्रजातियों, फूलों से होने वाली आय आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। संभागायुक्त ने क्षेत्र के अन्य किसानों को प्रोत्साहित एवं प्रेरित कर क्लस्टर स्तर पर फूलों की विभिन्न प्रजातियों की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को दिए। किसान श्री मोहनलाल पाटीदार ने कमिश्नर श्री सिंह, कलेक्टर श्रीमती यादव, पुलिस अधीक्षक श्री सोनी एवं अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, कृषि, उद्यानिकी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। |