|
|
नीमच। नीमच केंट थाना पुलिस ने करीब 10 माह पहले चोरी हुई मारुति सुजुकी ब्रेजा कार बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की कार के साथ वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे संपत्ति संबंधी अपराधों की पतारसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 8 सितंबर 2025 को फरियादी विशाल कुमार व्यास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सफेद रंग की ब्रेजा कार (क्रमांक यूपी-16 बीके-9444), जो स्कीम नंबर 34 स्थित वर्मा टोल कांटे के सामने खड़ी थी, 6-7 सितंबर 2025 की मध्यरात्रि अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। इस पर थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 450/2025 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य तथा साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर दीपुखेड़ी निवासी अशोक मेघवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी रोहित सोलंकी निवासी सांडिया, तहसील मनासा के साथ मिलकर कार चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने इसके बाद रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की ब्रेजा कार तथा घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में दीपुखेड़ी निवासी 32 वर्षीय अशोक मेघवाल और सांडिया निवासी 23 वर्षीय रोहित पिता मदनलाल सोलंकी शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक रमेश मोरी, प्रधान आरक्षक देवीलाल डीगा, श्रीपाल सिंह, आरक्षक गणपत धनगर, आशुतोष मिश्रा, अंकित मोड़ तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। |