|
|
आगर जिले में 6878 पशुपालकों के घर पहुंचकर देंगे पशुपालन, पोषण व नस्ल सुधार की जानकारी आगर-मालवा । प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का तीसरा चरण प्रदेश के साथ ही आगर जिले में 13 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है।इसके तहत पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पशुपालकों के घर पहुंचकर उनसे सीधा संपर्क करेंगे। उपसंचालक, पशुपालन डॉ. महेश लाल जारोलिया ने बताया कि अभियान के तीसरे चरण में 13 जुलाई 2026 से जिले के 3 से 4 पशु (गोवंश एवं भैंसवंश) रखने वाले 6878 पशुपालकों के यहां विभागीय अमले द्वारा गृहभेंट की जाएगी। इस दौरान सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एवं मैत्री कार्यकर्ता पशुपालकों के घर घर जाकर पशु पोषण, पशु स्वास्थ्य एवं नस्ल सुधार के विषय में विस्तृत जानकारी देंगे और पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के बारे में जागरूकता करेंगे। साथ ही शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी पशुपालकों को प्रेरित किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के मार्गदर्शन में पशुपालन विभाग द्वारा दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए उपसंचालक पशु पालन कार्यालय में विभागीय हमले की उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के दौरान विभागीय अमले को पशुपालकों से घर-घर संपर्क पशुपालन संबंधी जानकारी संकलित करने और पशुपालकों को जागरूक करने योजनाओं की जानकारी प्रदान करने उनके आवेदन प्राप्त कर संकलित कर पुनः लाभान्वित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। |