|
|
दुकानों के बाहर से सामान हटवाने सीएमओ ने संभाला मोर्चा, चालान भी बनवाये - टैगोर मार्ग पर चला अभियान नीमच। शहर के प्रमुख मार्गों पर दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटवाने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया सोमवार 13 जुलाई को स्वयं नगर पालिका अमले के साथ टैगोर मार्ग पर मैदान में उतरी और दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटवाते हुए चालानी कार्रवाई भी कार्रवाई तथा दुकानों के बाहर लाल पट्टी डलवाते हुए अंतिम चेतावनी दी की अब यदि लाल पट्टी के बाहर सामान जमा हुआ पाया गया तो सामान जप्त करने के साथ ही बार-बार नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पट्टानामा की शर्तों के अनुसार पट्टा निरस्त करने की कार्रवाई भी की जावेगी। सोमवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने दुकानों के बाहर दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैला कर रखे गए सामान को हटवाने की कार्रवाई टैगोर मार्ग पर भारत माता चौराहा (फोर जीरो )से प्रारंभ की और यहां से कमल चौक, फ्रूट मार्केट, फव्वारा चौक तक दुकानदारों को समझाइश देकर दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया और कुछ दुकानदारों के चालान भी बनवाये। श्रीमती बामनिया ने दुकानदारों से कहा कि पार्किंग व्यवस्था व आवागमन को सुचारू बनाने के लिए दुकानों के बाहर नगर पालिका द्वारा लाल पट्टी डाली जा रही है ताकि कोई भी दुकानदार लाल पट्टी के बाहर समान नहीं जमा सके और यदि किसी भी दुकानदार द्वारा लाल पट्टी के बाहर सामान रखा पाया गया तो नगर पालिका द्वारा सामान जप्ति के साथ ही ₹500 प्रतिदिन जुर्माने की कार्रवाई भी की जावेगी तथा बार-बार नियमों का उल्लंघन करते पाये जाने पर पट्टानामा की शर्तों के अनुसार पट्टा निरस्त करने की कार्रवाई भी की जावेगी। इस दौरान नगर पालिका की राजस्व शाखा के श्री टेकचंद बुनकर,श्री महावीर जैन, श्री हेमंत सिसोदिया, श्री योगेश टांकवाल आदि भी सीएमओ के साथ थे। |