|
|
जिले के शत प्रतिशत ड्रॉपआउट विद्यार्थियो को शाला में प्रवेश दिलाए- श्रीमती यादव आगर-मालवा : कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन एवं अपार (APAAR) आईडी बनाने के कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कलेक्टर ने की। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जिले में कक्षा 1 से 8 तक का नामांकन 92% एवं कक्षा 9 से 12 तक का नामांकन 103% है। इस प्रकार कुल नामांकन की स्थिति 95% है। अशासकीय विद्यालयों का नामांकन शासकीय विद्यालयों की अपेक्षा कम पाया गया। कलेक्टर ने आगामी 3 दिवस में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी एवं डी.पी.सी. को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य पूर्ण न होने पर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसी पर कार्यवाही की जाएगी। अपार आईडी की प्रगति जिले में अभी तक कुल 69% अपार आईडी बनाई गई है। शासकीय विद्यालयों में 78% अपार आईडी बनाई जा चुकी हैं। निजी विद्यालयों में प्रगति बढ़ाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने एवं शत-प्रतिशत अपार आईडी जनरेट करने के निर्देश दिए गए। इस कार्य के लिए जिले में कुल 70 स्थानों पर आधार कैंप भी लगाए गए हैं। ड्रॉपआउट बच्चों को शाला में प्रवेश के निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने कहा कि सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। विद्यालय से बाहर अथवा ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इस कार्य में शिक्षा विभाग के साथ स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों का समन्वय सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा में सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों एवं संस्था प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अपार आईडी के महत्व से अवगत कराने एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा गया। कलेक्टर श्रीमती यादव ने ने डीईओ एवं डीपीसी को नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिन विद्यालयों की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष प्रयास कर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने शिक्षा विभाग एवं जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित करें कि सभी शालाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति नियमित रूप से हो, उपस्थिति बढ़ाने के विशेष प्रयास करें। शिक्षकों की उपस्थिति भी समय पर नियमित रूप से हो। विद्यार्थियों को स्व सहायता समूह के माध्यम से अच्छी गुणवत्ता का मध्याह भोजन प्रदान किया जाए। जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी ने निर्देश दिए कि जिले के सभी स्व सहायता समूह को बर्तन क्रय करने हेतु राशि प्रदान की गई है शिक्षा विभाग की जानकारी प्रस्तुत करें कि किन-किन समूहों ने अभी तक बर्तन खरीदे हैं नहीं खरीदे हैं उनकी सूची बनाकर प्रस्तुत करें। जर्जर कक्ष, भवन में कक्षाएं संचालित ना हो - श्री सोलंकी बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी ने सख्त निर्देश दिए कि जर्जर एवं क्षतिग्रस्त शाला कक्षों अथवा भवनों में कोई भी विद्यालय कक्षाएं संचालित ना हो। शिक्षा विभाग अपने अमले के माध्यम से शालाओं का निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि कोई भी कक्षा किसी जर्जर या क्षतिग्रस्त भवन में संचालित ना हो। ऐसे कक्षो भवनों की जगह वैकल्पिक व्यवस्था कर अन्य कक्ष/भवन में कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री नितेश पांडे एडीपीसी श्री सौरभ जैन, डीपीसी, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी एवं शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। |