|
|
नई दिल्ली। उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के विकास और मालवा अंचल में सड़क एवं अधोसंरचना को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत सरकार के केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। इस दौरान क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र अनुमोदन एवं क्रियान्वयन का आग्रह किया। बैठक में महाकाल की नगरी उज्जैन को जावरा-उदयपुर-बालोतरा 350 किलोमीटर एक्सप्रेसवे से जोड़ने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया। इसके साथ ही उज्जैन-आगर-झालावाड़ फोरलेन निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई। सांसद ने उज्जैन-बदनावर-टिम्बरवानी सड़क परियोजना का परियोजना कार्यालय पुनः उज्जैन में स्थापित करने, देवास-उज्जैन-बदनावर तथा उज्जैन-गरोठ मार्ग पर सर्विस रोड निर्माण कराने और उज्जैन रोपवे परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का भी आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण के लिए उनका सतत प्रयास निरंतर जारी रहेगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा पर्यटन और व्यापार को भी नया विस्तार प्राप्त होगा। रिपोर्ट : अर्पित हरदेनिया |