|
|
सिंगोली। तहसील क्षेत्र के ग्राम काेज्या के पास रावतभाटा तहसील राजस्थान के ग्राम खरनाई में एकमे सोलर द्वारा 300 मेगावाट का बड़ा सौर ऊर्जा पावर प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। सौर ऊर्जा प्लांट निर्माण में लगने वाली सामग्री को बड़े लोडिंग वाहनों में लादकर नीमच जिले के आदिवासी अंचल के ग्राम काेज्या सड़क मार्ग से लाया जा रहा हैं। भारी लोडिंग वाहनों की आवाजाही से ग्राम पंचायत काेज्या द्वारा बनाई गई सड़क जगह जगह से टूटी पड़ी हैं जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। सड़क मार्ग को बनाने के लिये ग्रामीणों ने किया था चक्का जाम जर्जर हो चुके उक्त सड़क मार्ग को वापस बनाने ओर भारी वाहनों को बस्ती क्षेत्र से बाहर निकलने के लिये ग्रामीणों ने दो बार वाहनों का रास्ता रोक चक्का जाम भी लगाया था। दो माह पूर्व जिला कलेक्टर के रात्रि चौपाल कार्यक्रम के दौरान भी ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण के लिये जिला कलेक्टर को बताया था। बैठक में जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सौर ऊर्जा प्लांट के जिम्मेदार अधिकारियों को 15 दिवस में सड़क निर्माण करने के आदेश दिए लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। गोपाल भील, रूपलाल भील, सुखलाल भील आदि ग्रामीणों ने बताया कि लोडिंग वाहनों के आवागमन से ग्राम पंचायत काेज्या द्वारा निर्मित छात्रावास ओर विद्यालय जाने वाला सीसी रोड जो कि सात टन वजन की क्षमता के लिए बना हैं,उक्त मार्ग पर प्लांट सामग्री से भरे बीस टन वजनी लोडिंग वाहन निकाले जिससे रोड जगह जगह से जर्जर होकर टूट गया हैं जिसपर केवल लीपापोती कर उसे अपने हाल पर छोड़ दिया हैं। प्लांट प्रबंधन उड़ा रहा कलेक्टर आदेश की धज्जियां रात्रि चौपाल में दिए गए कलेक्टर के आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए प्लांट प्रबंधन ने गड्ढों में मुरम डालने के अलावा कुछ भी नहीं किया हैं। उक्त सड़क मार्ग पर आदिम जाति कल्याण विभाग का कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास ओर शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भी हैं जहां पर रोजाना सैकड़ों छात्र छात्राओं का आना जाना लगा रहता हैं। मार्ग लोडिंग वाहनों से टूटने के बाद जगह जगह से जर्जर हालत में लेकिन उस पर लीपापोती कर दी गई है। जर्जर रोड पर बरसात के समय गंदा पानी भरा रहता हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों ओर ग्राम वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं, तो जिम्मेदार कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं । इनका कहना हैं कलेक्टर साहब की रात्रि चौपाल में 15 दिन में सड़क बनाने के आदेश साहब ने दिए हैं,प्लांट प्रबंधन से मॉनिटरिंग के लिये सरपंच की बैठक करवा दी गई थी। लेकिन अभी तक नहीं बनी इसकी जानकारी सरपंच को देना थी लेकिन उन्होंने अभी तक बताया नहीं हैं। सोमवार को सरपंच से जानकारी लेता हूं । बालकृष्ण मकवाना तहसीलदार सिंगोली कलेक्टर साहब के साथ पिछले दिनों मीटिंग हुई थी,जिसमें सड़क निर्माण शीघ्र करवाने के आदेश मिले हैं,सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है, कोशिश हैं वह इसी माह पूरा हो जाये। छात्रावास रोड से खेड़ा गांव वाला सड़क मार्ग भी हम शीघ्र ही बनवा रहे हैं। चंद्रशेखर गौड़ असिस्टेंट मैनेजर एक़मे सोलर सौर ऊर्जा प्लांट ख़रनोई (काेज्या) रात्रि चौपाल में कलेक्टर के आदेश से सड़क 15 दिवस में बनानी थी लेकिन दो माह बाद भी सड़क नहीं बनाई हैं। प्लांट के लिये अलग से नई सड़क बनाई उसके लिए 15 दिन में वन विभाग से अनुमति ले आए ओर ग्रेवल सड़क बना दी हैं। ख़रनोई गांव के पुराने मार्ग का छोटा सा टुकड़ा ऊबड़ खाबड़ ही छोड़ दिया हैं। उस पुराने मार्ग से ग्रामीण काेज्या हॉस्पिटल आते जाते हैं उनको आने जाने में काफी दिक्कत हो रही हैं। कलेक्टर के आदेश को दरकिनार कर छात्रावास मार्ग वाले टूटे रोड पर केवल भर्ती डाली हैं। बारिश के मौसम में सभी परेशान हो रहे हैं, कोई सुनने वाला नहीं हैं। सागरमल भील सरपंच पति ग्राम पंचायत काेज्या। |