|
|
नीमच। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नशे में वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। बस स्टैंड क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब के नशे में कार दौड़ा रहे तीन चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त कर लिए गए। ब्रेथ एनालाइजर जांच में तीनों के शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सुबेदार सोनू बड़गुर्जर और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने कार क्रमांक MP 14 CC 8746, DL 2 CAY 6996 और RJ 27 CF 7857 को जब्त कर सुरक्षित थाने में खड़ा कराया। सभी प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे। अभियान के दौरान 4 और 5 जुलाई को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी शिकंजा कसते हुए 63 चालान बनाए गए और ₹28,300 का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस की दो टूक चेतावनी यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना, मॉडिफाइड फर्राटेदार साइलेंसर लगाना, प्रेशर हॉर्न बजाना और सर्चिंग लाइट का उपयोग करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। |