रतलाम / सैलाना। देश को पूर्णतः साक्षर बनाने के उद्देश्य से संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत सैलाना विकासखंड में जनपद शिक्षा केंद्र के सभागार में एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड के शिक्षा अधिकारियों संकुल प्रभारियों जन शिक्षकों तथा साक्षरता समन्वयकों ने भाग लेकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. दडींग बीआरसीसी श्री नरेंद्र कुमार पासी विकासखंड सह समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. रविन्द्र उपाध्याय तथा उपस्थित प्राचार्यगण द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
बीआरसीसी श्री नरेंद्र कुमार पासी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रम में विकासखंड के सभी संकुल प्राचार्य सह जन शिक्षा केंद्र प्रभारी जन शिक्षक एवं संकुल साक्षरता समन्वयकों ने सहभागिता की। उन्होंने सैलाना विकासखंड में संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. दडींग ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए शिक्षित समाज सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अशिक्षा विकास की सबसे बड़ी बाधा है और उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाकर सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव रख सकता है।
विकासखंड सह समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. रविन्द्र उपाध्याय ने अभियान के उद्देश्य कार्ययोजना और आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सर्वे कार्य असाक्षर पंजीयन अक्षर साथी पंजीयन सामाजिक चेतना केंद्रों का संचालन साक्षरता पंजी का संधारण तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों के रख-रखाव की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देकर शत-प्रतिशत साक्षरता हासिल करने का आह्वान किया।
संकुल सह समन्वयक श्री राजेश पाटीदार एवं श्री बालकृष्ण प्रजापति ने प्रतिभागियों को साक्षरता एप के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए डिजिटल माध्यम से अभियान के प्रभावी संचालन के गुर बताए।
प्रशिक्षण के दौरान संकुल प्राचार्य श्री शिवरमन बोरीवाल श्री महेंद्र सिंह राठौर श्री प्रताप सिंह सिसोदिया श्री रमेश चंद्र डोडियार एवं श्री दिनेश डांगी ने भी साक्षरता अभियान के सफल संचालन जनसहभागिता बढ़ाने तथा ग्राम स्तर तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने के संबंध में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में सुनीता नरवरिया एवं राजेश अवस्थी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं साक्षरता गीत ने पूरे वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। प्रशिक्षण में नरेंद्र जाट मोहन सिंह चौहान मथुरा लाल पाटीदार मुस्तकीम सिद्दीकी पंकज कुशवाहा राजेश अवस्थी सुनीता नरवरिया देवेंद्र वाघेला रमेश चंद्र परिहार परमेश्वर पडियार पंकज दोहरे प्रेम सिंह दंडोतिया महेश शर्मा महेंद्र बारोदिया सहित बड़ी संख्या में जन शिक्षक एवं संकुल साक्षरता समन्वयक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में बीएसी श्रीमती सरिता मोहनिया ने सभी अतिथियों अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस प्रशिक्षण ने स्पष्ट संदेश दिया कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि समाज को शिक्षित जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने का व्यापक जनआंदोलन है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों शिक्षकों और स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयासों से सैलाना विकासखंड में शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य प्राप्त कर विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में यह प्रशिक्षण एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी कदम साबित होगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत