रतलाम / बाजना। तेजी से बढ़ते डिजिटल दौर में साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप को देखते हुए शासकीय महाविद्यालय बाजना में साइबर सुरक्षा 2.0 – सेफ क्लिक जागरूकता कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बाजना थाना प्रभारी रविन्द्र दंडोतिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, नकली वेबसाइट और ओटीपी धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल पर प्राप्त संदिग्ध संदेशों और कॉल से सतर्क रहें तथा किसी भी परिस्थिति में अपनी बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्पराज ने किया। इस अवसर पर शरद डोडियार (जिला जनपद सदस्य), निर्मल अमलियार (ब्लॉक समन्वयक, जनअभियान परिषद), डॉ. सुभाष कुमार गुहा, डॉ. सोनाक्षी सोलंकी, डॉ. दुर्गा डावर, आरक्षक शंकर राव शिंदे तथा सनी मईडा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीएमसीएलडीपी (CMCLDP) के मेंटर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के समापन पर सहायक प्राध्यापक सुनील मेहता ने सभी अतिथियों, पुलिस विभाग, महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराया तथा सेफ क्लिक का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
रिपोर्ट - ईश्वर टांक ( बाजना )
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत