|
|
चीताखेड़ा। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे चीताखेड़ा बस स्टैंड पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को भी चोटें आईं। घायलों को निजी वाहनों से जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर निवासी किसान माखन पिता लाल सिंह मकान की छत से गिरकर घायल हो गए थे। उनका उपचार एक निजी क्लीनिक में चल रहा था, जिसके कारण बस स्टैंड क्षेत्र में लोगों की भीड़ एकत्रित थी। इसी दौरान बस स्टैंड की ओर से नीमच जा रही मारुति सिलेरियो कार क्रमांक RJ-09-CB-8023 अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। हादसे में राजू दायमा, बादर, सत्यनारायण नाई, गोपाल मोची, शाबीर शेख, रोनक जैन, सत्यनारायण शर्मा तथा महेंद्र माली सहित कई लोग घायल हुए। इनमें कई के पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि एक घायल के सीने में भी चोट लगी है। दुर्घटना में कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। गुस्साए लोगों ने कार चालक रघुवीर पिता गेंदमल परमार की पकड़कर पिटाई कर दी। बाद में भीड़ का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी देर तक 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके कारण घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल भेजना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में वाहन चालक द्वारा नियंत्रण खोने के कारण हादसा होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सभी घायलों का उपचार जारी है। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |