|
|
ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से भेंट कर मंदसौर–जावरा–नीमच की सभी पंचायतों के खातों में सीधे राशि भेजने का किया आग्रह नीमच। मध्यप्रदेश शासन के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से वरिष्ठ भाजपा नेता एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य सुरेन्द्र पाण्डेय ने सौजन्य भेंट कर मंदसौर–जावरा–नीमच संसदीय क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए राशि सीधे उनके खातों में उपलब्ध कराने का आग्रह किया। सुरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि यदि विकास निधि सीधे ग्राम पंचायतों के खातों में पहुंचेगी तो सड़क, नाली, पेयजल, सामुदायिक भवन सहित अन्य बुनियादी निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। इससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी और योजनाओं का लाभ समय पर गांवों तक पहुंच सकेगा। क्षेत्र के विकास के लिए लगातार सक्रिय मालवा के गांधी के नाम से विख्यात डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय के सुपुत्र तथा राजेन्द्र पाण्डेय के अनुज सुरेन्द्र पाण्डेय लंबे समय से मंदसौर–जावरा–नीमच संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सक्रिय हैं। वे क्षेत्र में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से जोड़ने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, नए उद्योगों की स्थापना तथा ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर लगातार प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं। सुरेन्द्र पाण्डेय का कहना है कि ग्राम पंचायतों को पर्याप्त संसाधन और सीधे विकास निधि मिलने से ग्रामीण क्षेत्र अधिक आत्मनिर्भर बनेंगे, विकास कार्यों में तेजी आएगी और पूरा मंदसौर–जावरा–नीमच संसदीय क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा। |