रतलाम। जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. किरण वाडीवा ने गुरुवार को मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई (एमसीएच अस्पताल) का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं तथा प्रसूता माताओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वाडीवा ने प्रत्येक माह आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस (9 एवं 25 तारीख) के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती मैरीलीन से गर्भवती महिलाओं की डायबिटीज जांच, सिकल सेल एनीमिया जांच तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षणों के संबंध में विस्तार से चर्चा की और जांच एवं उपचार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने अस्पताल के सोनोग्राफी सेंटर, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के वार्ड, विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनएनसीयू) तथा कंगारू मदर केयर यूनिट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एसएनएनसीयू में भर्ती नवजात शिशुओं के उपचार, देखभाल एवं उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया तथा चिकित्सकीय स्टाफ से उपचार प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। साथ ही कंगारू मदर केयर के माध्यम से नवजात शिशुओं को दिए जा रहे विशेष संरक्षण और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया गया। डॉ. वाडीवा ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्रीमती अर्चना राठौर, डिप्टी मीडिया अधिकारी श्रीमती सरला वर्मा, एमसीएच अस्पताल प्रभारी डॉ. आर.सी. डामोर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोफिया सिंगारे, डॉ. सरिता खंडेलवाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधा राजावत, नर्सिंग मेट्रन उर्मिला मसीह, शोभा सैनी, भारती गहलोत, नर्सिंग ऑफिसर चेतन पांडे सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत