रतलाम / बाजना। जनपद पंचायत कार्यालय बाजना में कृषि एवं आदिवासी स्वराज संगठन तथा वाग्धारा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय स्वराज संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत बाजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनीष भांवर ने की। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया, सांसद प्रतिनिधि संजय टांक, पेसा एक्ट जिला समन्वयक दिनेश डिंडोर, ब्लॉक समन्वयक मनीष डोडियार, जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक निर्मल अमलियार, बाजना संगठन के अध्यक्ष शंकरलाल मईड़ा, माताजी संगठन की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मीबाई तथा वाग्धारा संस्था से पी.एल. पटेल सहित विभिन्न ग्रामों के संगठन प्रतिनिधि एवं समुदाय सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर पी.एल. पटेल ने वाग्धारा संस्था एवं स्वराज संगठनों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन समुदाय और शासन-प्रशासन के बीच सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि संस्था जल, जंगल, जमीन, जानवर एवं बीज संरक्षण के साथ-साथ सच्चा बचपन, सच्चा स्वराज और सच्चा लोकतंत्र के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों जैसे अनियमित वर्षा, बढ़ते तापमान, सूखा, बाढ़ और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण, देशी बीजों का संरक्षण, जैविक खेती और पौधारोपण को आवश्यक बताया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनीष भांवर ने संस्था एवं संगठनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आदिवासी अंचलों के गरीब एवं वंचित परिवारों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रत्येक परिवार को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
सांसद प्रतिनिधि संजय टांक ने किसानों से जैविक खेती अपनाने तथा रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के उपयोग को कम करने की अपील की। वहीं जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया ने सामुदायिक सहभागिता को सतत विकास की आधारशिला बताया।
दिनेश डिंडोर एवं मनीष डोडियार ने ग्राम सभाओं को अधिक प्रभावी बनाने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। निर्मल अमलियार ने माही नदी, मिट्टी और मातृभूमि के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शंकरलाल मईड़ा ने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विभागीय समन्वय के माध्यम से समाजहित में कार्य करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश चंद्र डिंडोर ने किया तथा आभार प्रदर्शन वाग्धारा संस्था की ब्लॉक फैसिलिटेटर सुश्री रेणुका पोरवाल ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन कोऑर्डिनेटर मोहनलाल भूरिया की विशेष भूमिका रही।
इस अवसर पर लालू हाड़ा, जमुनाबाई, ईश्वरलाल, राजू भाई मईड़ा, जीतू दामा, कालीबाई डोडियार, मोगीबाई डामोर, पिंकी भूरिया, बालू कटारा, पिंका प्रभु कटारा, गौतम भाभर, लक्ष्मीबाई चरपोटा, आरता डामोर, रमेश जी, हवजी डामोर, कैलाश भुज, कालीबाई सहित विभिन्न ग्राम स्वराज एवं सक्षम समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आभा चरपोटा, बालाराम चरपोटा, बालचंद्र डामोर, मगन डोडियार एवं अनिल कटारा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संवर्धन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।