|
|
नीमच । सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मनासा तहसील में कार्रवाई करते हुए दो रेस्टोरेंटों का संचालन बंद करवा दिया। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का निर्माण व विक्रय पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी ने बताया कि बरलाई रोड स्थित देशी तड़का रेस्टोरेंट में बासी भोजन बेचने की शिकायत मिली थी। जांच में रसोईघर गंदा मिला, खाद्य सामग्री अस्वच्छ तरीके से संग्रहित पाई गई तथा खाद्य पंजीयन भी वर्ष 2024 में समाप्त हो चुका था। यहां से लहसुन-प्याज ग्रेवी, मिर्च पाउडर और आटे के नमूने लिए गए तथा रेस्टोरेंट को शट डाउन कर दिया गया। इसी प्रकार रामपुरा रोड फुलपुरा स्थित होटल किंगफिशर के निरीक्षण में भी गंदगी, अस्वच्छ बर्तन और बिना वैध खाद्य पंजीयन के खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय पाया गया। यहां से मक्का आटे सहित दो नमूने जांच के लिए लिए गए और होटल का संचालन बंद करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 5 खाद्य नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि बिना खाद्य पंजीयन के व्यापार करने तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण एवं विक्रय करने पर अधिकतम 3 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत कुमार शर्मा एवं कस्बा पटवारी गोपाल भाटी उपस्थित रहे। |