|
|
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टीडवास में एक अत्यंत दुखद हादसा सामने आया है, जहां खेत पर काम के दौरान पानी भरते समय एक महिला की कुएं में गिरने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका टीना बाई (लगभग 35 वर्ष), पति अर्जुन डांगी, अपने खेत पर कार्य कर रही थीं। काम के दौरान वह पास स्थित कुएं से पानी भरने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरीं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुएं पर सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं बनी हुई थी। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की सहायता से महिला के शव को कुएं से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए मंदसौर जिला चिकित्सालय भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों के आसपास स्थित खुले एवं बिना मुंडेर वाले कुओं पर सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। रिपोर्ट : सुरेश डांगी |