|
|
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ नीमच गौरव महोत्सव का समापन नीमच। बुधवार 3 जून का दिन नीमच में देश भक्ति आधारित कार्यक्रमों के नाम रहा। अवसर था नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा आयोजित नीमच गौरव दिवस महोत्सव का। गौरव दिवस पर सुबह शहीद पार्क नीमच सिटी में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को याद करते हुए पौधारोपण व शहीद पार्क परिसर की साफ सफाई की गई वहीं शाम को टाउन हॉल स्थित अटल सभागृह में बाबा आर्केस्ट्रा द्वारा आयोजित देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने टाउन हॉल को देश भक्ति के तरानो से गूंजायमान कर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा ने नीमच के लिए 3 जून का महत्व बताते हुए कहा कि 1857 की स्वतंत्रता संग्राम क्रांति में मध्य प्रदेश( मध्यांचल) की पहली गोली नीमच से चली थी, देश की आजादी में नीमच का यह योगदान हम सभी के लिए गौरव का प्रतीक है, हमें वीर शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश, संस्कृति व धर्म के प्रति समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम को श्री दारा सिंह यादव व श्रीमती हेमलता धाकड़ ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया, नगर पालिका सभापति एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री दारा सिंह यादव, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती हेमलता धाकड़, एल्डरमैन श्री शांतिलाल गुप्ता, पार्षद श्री राकेश किलोरिया, श्री रामलाल ग्वाला आदि मंचासिन थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथि गणों ने मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीपप्रज्जवलन किया। अतिथिगणों व आर्केस्ट्रा कलाकारों के स्वागत तथा भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान के बाद देश भक्ति से औतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत हुई। राजेश शर्मा (पंडित) के नेतृत्व में बाबा आर्केस्ट्रा के श्री शिवाय म्यूजिकल ग्रुप ने गणपति वंदना से अपने रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात श्री जितेंद्र चौहान द्वारा महाकाल भक्ति नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात श्री शिवाय म्यूजिकल ग्रुप द्वारा काल्यो कुद पड़यो कूड़ा में (राजस्थानी नृत्य ), मोरनी बागा में नाचे आधी रात को ( मयूर नृत्य ), ए वतन -ए वतन (देश भक्ति नृत्य) तथा कल्पना व नितिन चौहान द्वारा प्रस्तुत देश भक्ति गीत "दिल दिया है जान भी देंगे ए वतन तेरे लिए,'ए मेरे वतन के लोगों जरा आंखों में भर लो पानी", यह मेरा इंडिया आदि देशभक्ति गीतों से माहौल को देशभक्ति पूर्ण कर दिया. कार्यक्रम का समापन यह देश है वीर जवानों का गीत पर सामूहिक नृत्य एवं भारत माता के जय कारों के साथ हुआ। स्वागत कार्यक्रम का संचालन श्री विजय बाफना ने किया व आभार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने व्यक्त किया. इस दौरान मंच संचालक श्री विजय बाफना का भी नपाध्यक्ष व सीएमओ ने सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में देशभक्त नागरिक, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य, पार्षदगण व नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। |