रतलाम
जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान राजस्थान पासिंग कंटेनर को रोककर तलाशी ली, जिसमें बैटरी की बिल्टी के नाम पर छिपाकर ले जाई जा रही 400 से अधिक बीयर की पेटियां बरामद हुईं। इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में अवैध शराब की बड़ी खेप हाईवे से गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की और संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी जांच की।
जैसे ही कंटेनर के अंदर तलाशी ली गई, पुलिस भी हैरान रह गई। कंटेनर में बैटरी परिवहन की बिल्टी बनाई गई थी, लेकिन अंदर भारी मात्रा में बीयर की पेटियां भरी मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप चंडीगढ़ से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचाया, जहां देर रात तक शराब उतारने और गिनती की कार्रवाई चलती रही।
बताया जा रहा है कि जब्त शराब की कीमत लाखों रुपए में आंकी जा रही है। देर रात करीब 2 बजे तक पुलिस और आबकारी विभाग की टीम कंटेनर से शराब उतरवाने में जुटी रही। फिलहाल चालक से पूछताछ की जा रही है और इस अवैध शराब तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। जिले में यह कार्रवाई हाल के दिनों की सबसे बड़ी शराब जब्ती मानी जा रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत