रतलाम / जावरा
विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी द्वारा आयोजित उज्जैन संभागीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय दिवस पर जावरा की धरती शौर्य, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के संदेश से ओतप्रोत रही। फिनिक्स इंटरनेशनल स्कूल, भूतड़ा (जावरा) में चल रहे इस विशाल प्रशिक्षण वर्ग में देशभक्ति और हिंदू गौरव के स्वर मुखर हुए। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह संगठन महामंत्री माननीय विनायक राव जी देशपांडे ने बहनों को संबोधित करते हुए भारत के गौरवशाली एवं पराक्रमी इतिहास पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
अपने उद्बोधन में विनायक राव जी देशपांडे ने कहा कि भारत का इतिहास वीरता, त्याग और धर्मरक्षा की अनुपम गाथाओं से भरा पड़ा है, लेकिन दुर्भाग्यवश हमारी शिक्षा व्यवस्था में इन गौरवपूर्ण प्रसंगों को पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की नीति और छत्रपति शिवाजी महाराज की रणनीति आज भी समाज को अजेय बनाने का मार्ग दिखाती है। यदि हिंदू समाज इन आदर्शों को आत्मसात कर ले तो कोई भी शक्ति उसे पराजित नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि हिंदुओं ने सदैव धर्मयुद्ध किया और धर्म, संस्कृति तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए असंख्य वीरों और वीरांगनाओं ने अद्वितीय बलिदान दिए। हमारे हिंदू राजाओं ने जो पराक्रम किया, वैसा विश्व के इतिहास में विरल है, लेकिन हमारी पुस्तकों में केवल पराजय की घटनाएं पढ़ाई गईं, विजय और स्वाभिमान की गाथाएं छुपा दी गईं। उन्होंने उपस्थित बहनों से आह्वान किया कि वे अपने गौरवशाली इतिहास को जानें, समझें और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के दौरान मंचासीन दुर्गा वाहिनी प्रांत संयोजिका एवं वर्ग प्रमुख ज्योति प्रिया शर्मा ने भी संगठन की गतिविधियों और प्रशिक्षण वर्ग के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह वर्ग केवल आत्मरक्षा प्रशिक्षण नहीं, बल्कि राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पण का जीवंत अभियान है।
उल्लेखनीय है कि विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी शौर्य प्रशिक्षण वर्ग 15 मई से 23 मई 2026 तक फिनिक्स इंटरनेशनल स्कूल, भूतड़ा जावरा में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण वर्ग में पूरे प्रांत से लगभग 360 दुर्गा वाहिनी बहनों ने भाग लेकर शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। आयोजन में अनुशासन, संगठन शक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम की जानकारी विहिप जावरा जिला मंत्री तूफान सिंह यादव द्वारा दी गई। आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और यह वर्ग युवतियों में आत्मविश्वास, शौर्य एवं संस्कार जागरण का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत