SSE NEWS | रतलाम/आलोट
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) के एसी कोच में अचानक आग लग गई। यह घटना रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। समय रहते रेलवे प्रशासन और स्टाफ की तत्परता से 68 यात्रियों की जान सुरक्षित बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस रात करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। ट्रेन को सुबह कोटा पहुंचना था, लेकिन राजस्थान सीमा में प्रवेश से पहले ही एसी कोच बी-1 में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कोच धुएं से भर गया। रेलवे स्टाफ ने तत्काल आपात कार्रवाई करते हुए करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग ने दो डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन का बिजली कनेक्शन तुरंत काटा गया और प्रभावित कोच को अलग किया गया। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल ट्रैक पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
इन ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया:
19020 — शामगढ़
12416 — सुवासरा
05017 — नाथूखेड़ी
12472 स्वराज एक्सप्रेस — शामगढ़
22210 — चौमहला
01492 पुणे स्पेशल — मोड़क स्टेशन
घटना स्थल कोटा रेल मंडल क्षेत्र में आने के बावजूद नजदीकी होने से रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। राहत कार्य के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन और टॉवर वैगन भी भेजी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा रेल हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने रेल सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत