|
|
मंदसौर। एक व्हाट्सएप मैसेज और सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो ने आखिरकार उस शातिर आरोपी की पोल खोल दी, जो वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। थाना कोतवाली पुलिस ने शामगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में वांछित स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 9, 11 और 15 साल पुराने मामलों में फरार चल रहा था और लगातार अपनी पहचान छिपाकर इधर-उधर ठिकाने बदल रहा था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक फोटो और व्हाट्सएप पर मिली सूचना ने पुलिस को बड़ा सुराग दे दिया। रिकॉर्ड खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि शामगढ़ में जिस व्यक्ति के संबंध में जानकारी सामने आई थी, वह कोई और नहीं बल्कि कोतवाली थाना क्षेत्र का स्थाई वारंटी निकला। इसके बाद मंदसौर कोतवाली और शामगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश पिता बालूराम राठौर निवासी कालाखेत बालागंज मंदसौर हाल मुकाम लक्ष्मण कॉलोनी शामगढ़ बताया। पुलिस द्वारा तस्दीक और पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। |