रतलाम/सैलाना
धार जिले में स्थित ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर आज दोपहर करीब ढाई बजे आने वाले महत्वपूर्ण निर्णय के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सतर्कता चरम पर रही। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रतलाम जिले सहित सैलाना नगर में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और लगातार निगरानी रखी गई।
रतलाम पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। अफवाह फैलाने वालों तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
सैलाना क्षेत्र में भी प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय रहा। एसडीएम तरुण जैन, एसडीओपी नीलम बघेल, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश एवं समस्त थाना बल ने नगर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। मस्जिद चौराहा, मुख्य बाजार, बस स्टैंड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस जवानों की विशेष तैनाती की गई। अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी।
प्रशासन ने नागरिकों से शांति, संयम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें तथा सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। भोजशाला से जुड़े फैसले को देखते हुए पूरे क्षेत्र में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिससे आमजन में सुरक्षा का संदेश गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Crime reporter Jitendra Kumawat