|
|
नीमच। प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 141 किलो 300 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक क्रेटा कार भी जब्त की गई है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई श्री निमिष अग्रवाल उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज, पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद श्री रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई। जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को थाना रतनगढ़ पुलिस द्वारा ग्राम मुवादा के कच्चे रास्ते पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक सफेद रंग की होण्डाई क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CH 1981 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी राजेश पिता कन्हैयालाल धाकड़ उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम मुवादा तथा कन्हैयालाल पिता शंकरलाल धाकड़ उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम मुवादा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जब्त मशरुका 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा कीमत लगभग 14 लाख 13 हजार रुपये होण्डाई क्रेटा कार कीमत लगभग 10 लाख रुपये कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं उनकी टीम के साथ प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे, सायबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। |