|
|
चीताखेड़ा। मेहनत, लगन और हौसले के आगे आर्थिक तंगी भी छोटी पड़ जाती है, इसका जीता-जागता उदाहरण सामने आया है नारायणगढ़ से। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगढ़ की छात्रा दिव्या माली ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 472 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। दिव्या के पिता बंटू माली सड़क किनारे ठेलागाड़ी लगाकर सब्जियां बेचते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद दिव्या ने अपनी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और 94.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे गांव में गर्व और खुशी का माहौल है। माध्यमिक शिक्षा मंडल म.प्र. भोपाल द्वारा घोषित परीक्षा परिणामों में विद्यालय का कक्षा 12वीं का परिणाम 100 प्रतिशत रहा। कुल 63 छात्राओं में से 62 ने प्रथम श्रेणी और 1 छात्रा ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। इनमें से 25 छात्राओं ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर लैपटॉप योजना के लिए पात्रता हासिल की। वहीं कक्षा 10वीं का परिणाम भी शानदार रहा, जहां 61 छात्राओं में से 47 प्रथम श्रेणी और 11 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं, जबकि 3 छात्राएं अनुत्तीर्ण रहीं। कक्षा 10वीं में वीणा पाटीदार ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया। जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने विद्यालय परिवार और छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रिपोर्ट : दशरथ माली |