|
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का अन्तरण कार्यक्रम आयोजित मंत्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में पीएम किसान उत्सव दिवस आयोजित नीमच/झाबुआ। जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के अंतरण के अवसर पर 13 मार्च 2026 को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता एवं कलेक्टर नेहा मीना की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग परिसर में नवनिर्मित मृदा परीक्षण लैब का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात नवीन कृषक सभागृह का भी फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का विशेष फोकस कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की समृद्धि पर है। उन्होंने कहा कि आज खेती में अंधाधुंध कीटनाशकों और उर्वरकों के उपयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है, इसलिए मिट्टी का परीक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से मृदा परीक्षण लैब की स्थापना की गई है, जिससे किसान अपनी भूमि की गुणवत्ता जानकर आवश्यक पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग कर सकेंगे। मंत्री सुश्री भूरिया ने किसानों से अपील की कि वे प्रशिक्षण के माध्यम से आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी की जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक सहयोग मिलेगा। साथ ही उन्होंने किसानों को नवाचार और उन्नत खेती के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसान नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं और समृद्ध खेती की दिशा में आगे बढ़ें। कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज सिंगल क्लिक के माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि की राशि का किसानों के खातों में अंतरण किया गया है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने बैंक खाते की जांच कर लें, साथ ही राशि जमा होने की सूचना उन्हें एसएमएस के माध्यम से भी प्राप्त हो जाएगी। कलेक्टर मीना ने राजस्व विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम द्वारा पीएम किसान योजना के अंतर्गत किसानों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए सराहनीय कार्य किया गया है। जिले में 100 प्रतिशत से अधिक ई-केवाईसी पूर्ण की गई है। उन्होंने कृषि विभाग की पूरी टीम को भी इस कार्य में उत्कृष्ट सहयोग के लिए बधाई दी। इसके उपरांत कृषक सभागृह में किसानों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुवाहाटी (असम) से आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री द्वारा पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त के अंतर्गत देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों को ₹18 हजार 640 करोड़ से अधिक की सम्मान राशि का हस्तांतरण किया गया। इस योजना के अंतर्गत अब तक ₹4.09 लाख करोड़ से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। इसी क्रम में आज जिले के 1,33,993 पात्र कृषकों को ₹2000 प्रति किसान के मान से ₹26 करोड़ 79 लाख से अधिक की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से अंतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान लाभान्वित हितग्राहियों में से प्रतीकात्मक रूप से 4 हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। इनमें धन्नू डामोर, ग्राम देवझिरी पण्डा; मुनसिंह परगी, ग्राम आंबा खोदरा; रमेश वसुनिया, ग्राम आंबा खोदरा तथा लालू बारिया, ग्राम देवझिरी पण्डा को प्रतीकात्मक रूप से चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री विजय कुमार मण्डलोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश कुमार मण्डलोई, उप संचालक कृषि श्री एन एस रावत एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे। |