|
रामपुरा । जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को रामपुरा में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन नीमच डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में टीम ने 6 प्रतिष्ठानों की जांच कर कुल 20 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत किए गए निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर आवश्यक दस्तावेज और स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान बुरहानी हॉस्पिटल के पास स्थित लक्की भोजनालय से आटा और तुवर दाल के नमूने लिए गए। यहां मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, FSSAI प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं खाद्य पंजीयन प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। बस स्टैंड रामपुरा स्थित दुआ किराना से पोहा और मैदा के नमूने जांच के लिए लिए गए। धान मंडी क्षेत्र के मानकचंद-नाथूलाल प्रतिष्ठान से बेसन, मसूर दाल और तुवर दाल के नमूने लिए गए। लालबाग स्थित शैलेंद्र किराना स्टोर से बासमती चावल, मसूर दाल, उड़द दाल और मूंग दाल के नमूने लिए गए। यहां खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं होने तथा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। आईटीआई कॉलेज के पास स्थित प्रियंका भोजनालय से बासमती चावल, आटा, बेसन और तुवर दाल के नमूने लिए गए। यहां भी खाद्य पंजीयन, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं FSSAI प्रशिक्षण प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया। मनासा रोड स्थित मानसरोवर फैमिली रेस्टोरेंट से दही, सोयाबीन तेल, पनीर और सेव नमकीन के नमूने जांच के लिए लिए गए। यहां भी आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने और अन्य कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय करने के निर्देश दिए। सभी लिए गए नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की आकस्मिक जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। |