|
12 दिसंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिकाधिक प्रकरणों के आपसी समझौते से निराकरण पर जोर नीमच । आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में न्यायिक अधिकारीगण एवं अधिवक्तागण के साथ नीमच एवं जावद में बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित इन बैठकों में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सहमति एवं राजीनामे के आधार पर अधिकाधिक निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस क्रम में 28 नवंबर को तहसील न्यायालय जावद के अभिभाषक संघ सभागार में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायाधीश श्री विशाल अखंड की उपस्थिति में न्यायिक अधिकारीगण एवं अधिवक्तागण की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति जावद श्री विनोद कुमार पाटीदार, जिला न्यायाधीश श्री जैनुल आब्दीन, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अमित नगायच एवं श्रीमती शुभा रिछारिया दीक्षित उपस्थित रहे। बैठक में अधिवक्तागण से अनुरोध किया गया कि वे अपने पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों एवं विशेषताओं की जानकारी देकर प्रकरणों का आपसी समझौते एवं राजीनामे के माध्यम से निराकरण कराने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों एवं मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों में अधिकाधिक निराकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर बल दिया गया। बैठक में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे। इसी क्रम में जिला मुख्यालय नीमच पर विशेष न्यायाधीश (अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम) श्री आलोक कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में समस्त न्यायिक अधिकारीगण की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री सक्सेना ने न्यायालयों में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को अधिकाधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए रैफर करने तथा पक्षकारों को समय पर नोटिसों की तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पक्षकारों के मध्य आपसी सहमति एवं राजीनामे के आधार पर प्रकरणों का निराकरण कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी जोर दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आमजन को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराने तथा आपसी सहमति से विवादों का समाधान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। |