|
चीताखेड़ा । गांव में खाद्य विभाग की टीम आने की झूठी अफवाह ने गुरुवार को व्यापारियों में खलबली मचा दी। गांव के ही एक कथित शरारती व्यक्ति द्वारा खाद्य विभाग की टीम आने की अफवाह फैलाते ही मिठाई की दुकानों, होटलों और किराना व्यापारियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद कर दिए। अफवाह इतनी तेजी से फैली कि व्यापारी एक-दूसरे को मोबाइल फोन पर कॉल कर खाद्य विभाग की टीम के आने की जानकारी लेने लगे। काफी देर तक चर्चाओं का दौर चलता रहा। जब आपसी बातचीत और जानकारी के बाद पता चला कि खाद्य विभाग की कोई टीम गांव में आई ही नहीं है, तब जाकर व्यापारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद धीरे-धीरे दुकानों के शटर फिर से खुलने लगे। अफवाह ने खड़े किए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल! इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर खाद्य विभाग की टीम आने की महज अफवाह से दुकानदारों में इतनी घबराहट क्यों फैल गई? क्या दुकानों में बिक रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर कोई चिंता है? हालांकि, केवल दुकानें बंद होने से किसी दुकानदार की खाद्य सामग्री में गड़बड़ी साबित नहीं होती, लेकिन इस घटनाक्रम ने खाद्य सुरक्षा और मिलावट की जांच की जरूरत को जरूर चर्चा में ला दिया है। अब आमजन की मांग है कि खाद्य विभाग समय-समय पर मिठाई की दुकानों, होटलों और किराना प्रतिष्ठानों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करे, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |