रतलाम / सैलाना। 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस मनाया गया। सरकारी कार्यालयों से लेकर शैक्षणिक संस्थानों तक संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। लेकिन नगर परिषद सैलाना में आयोजित संविधान दिवस का शपथ समारोह कई सवाल छोड़ गया। जिस नगर परिषद की जिम्मेदारी शहर के विकास और नागरिकों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना है उसी परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद इस महत्वपूर्ण अवसर पर मौजूद नहीं रहे। समारोह में दो एल्डरमैन और नगर परिषद के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक संविधान की शपथ ली लेकिन निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद में आयोजित शपथ समारोह में एल्डरमैन नाथूलाल राठौर और सपना खराड़ी सहित सीएमओ अनवर गोरी तथा नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें सब इंजीनियर अनिल मोरे लेखपाल भीम सिंह लहरी सहायक राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र सिंह चौहान धन्नालाल परमार समयपाल अभिमन्यु ग्वाले शैलेंद्र राठौर मोनिका भूरिया शिखा शर्मा हुकुमीचंद परिहार मांगीलाल कटारा गंगाराम ग्वाले कैलाश बैरागी अर्जुन ग्वाले महेश तवंर एवं जल प्रभारी संदीप चारण सहित अन्य कर्मचारी एवं सफाई कर्मचारी शामिल रहे। सभी ने विजय शर्मा (मोनू) के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए शपथ ली।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक न्याय विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता समानता व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में भारत माता की जय के उद्घोष के साथ शपथ समारोह संपन्न हुआ।
कुर्सी की जिम्मेदारी और संविधान के प्रति जवाबदेही कहां गई?
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू यह है कि नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला और वार्ड पार्षदों की अनुपस्थिति में कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। सवाल यह है कि जब संविधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन में ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो सकी तो आम दिनों में शहर की समस्याओं और नागरिकों की अपेक्षाओं के प्रति उनकी सक्रियता कितनी होगी?
नगर परिषद की समय सीमा समाप्त होने की स्थिति के बीच जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि समय सीमा समाप्त होने जा रही के साथ ही कुछ जनप्रतिनिधियों की सार्वजनिक गतिविधियों में भी उदासीनता नजर आने लगी है। हालांकि पद की अवधि समाप्त होने का अर्थ नागरिकों के प्रति नैतिक और सार्वजनिक जवाबदेही समाप्त होना नहीं है।
अध्यक्ष से जवाब लेने का प्रयास भी रहा नाकाम
समारोह में अध्यक्ष और पार्षदों की अनुपस्थिति को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाना चाहिए।
संविधान दिवस केवल औपचारिक शपथ लेने या प्रस्तावना का वाचन करने का दिन नहीं है बल्कि यह जनप्रतिनिधियों को उनके कर्तव्यों और जनता के प्रति जवाबदेही का स्मरण कराने का अवसर भी है। नगर परिषद के कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर संवैधानिक जिम्मेदारी निभाई लेकिन जिन जनप्रतिनिधियों से शहरवासी नेतृत्व और सक्रियता की अपेक्षा करते हैं उनकी गैरमौजूदगी ने एक असहज सवाल खड़ा कर दिया है।
आखिर संविधान की शपथ केवल कर्मचारियों की जिम्मेदारी है या जनप्रतिनिधियों की भी? सैलाना के नागरिक इस सवाल का जवाब जरूर जानना चाहेंगे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत