रतलाम। मानवता की सेवा और जरूरतमंदों को जीवनदान देने के संकल्प को साकार करते हुए सिंधु सेना (राष्ट्रीय संगठन) रतलाम ने एक बार फिर समाजसेवा की मिसाल पेश की। गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित 13वें विशाल रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने पूरे उत्साह और सेवाभाव के साथ भागीदारी निभाई। स्वर्गीय बाबा घनश्यामदास जी कल्याणी की स्मृति में आयोजित इस शिविर में कुल 105 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। इस उपलब्धि के साथ ही सिंधु सेना द्वारा पिछले 13 वर्षों से निरंतर संचालित रक्तदान अभियान का कुल आंकड़ा बढ़कर 1,216 यूनिट पहुंच गया है।
सिंधु सेना का यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं बल्कि मानवता के प्रति समर्पण और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण बन चुका है। उल्लेखनीय है कि संगठन द्वारा पूर्व में आयोजित 12 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 1,111 यूनिट रक्त संचित किया जा चुका था। इस बार 105 यूनिट रक्तदान के साथ संगठन ने सेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की। शिविर में समाज के वरिष्ठजनों के साथ युवाओं और नारीशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अतिथि श्री हुंदराज फतेह सिंह का सम्मान समारोह रहा। वे पिछले 12 वर्षों से इस पुनीत सेवा कार्य के लिए अपना पुष्पांजलि हॉल पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराते आ रहे हैं। उनके इस निरंतर सहयोग ने रक्तदान जैसे जीवनरक्षक अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उनकी सेवाभावना और सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाज के वरिष्ठजनों सिंधु सेना के संरक्षकों अध्यक्षों उपाध्यक्षों कार्यकारिणी सदस्यों कार्यकर्ताओं एवं मानव सेवा समिति के सदस्यों ने हार-फूल और गुलदस्ते भेंट कर उनका आत्मीय सम्मान किया। उपस्थितजनों ने उनके योगदान को समाजसेवा के प्रति समर्पण और सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल बताया।
इस अवसर पर सिंधी समाज के बड़ी संख्या में वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता पर सिंधु सेना (राष्ट्रीय संगठन) रतलाम की समस्त कार्यकारिणी एवं संपूर्ण सिंधी समाज ने सभी रक्तदाताओं सहयोगियों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले समाजजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का यह संकल्प आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रखने का भाव व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की जानकारी सिंधु सेना रतलाम के संरक्षक विजय गुरयानी ने दी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत